Ratlam News: मध्य प्रदेश सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री और रतलाम जिले के प्रभारी मंत्री कुंवर विजय शाह का रतलाम दौरा भारी हंगामे और विवादों से भरा रहा। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठकों के दौरान जहां मंत्री ने लाडली बहनों को लेकर विवादास्पद बयान दे डाला, वहीं अधिकारियों की बैठक में विभाग प्रमुख की जगह ‘मैकेनिक’ को देख उनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया।

Ratlam News: मंत्री विजय शाह फिर सुर्खियों में, लाडली बहनों को दी 'धमकी'

” Ratlam में मंच से बोले शाह, करोड़ों दे रहे हैं, सम्मान तो करना पड़ेगा”

सोशल मीडिया पर मंत्री विजय शाह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने की बात कर रहे हैं।

मंत्री शाह वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं: “रतलाम जिले में ढाई लाख लाडली बहनें हैं। जब हम 1500 रुपए के हिसाब से करोड़ों रुपए दे रहे हैं, मुख्यमंत्री के दो साल पूरे हो गए हैं, तो बहनें अपने भाई का सम्मान तो करें।”

“जो नहीं आएंगी, उनकी जांच कराओ”

मंत्री ने आगे चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “ढाई लाख में से कम से कम 50 हजार बहनें तो आएं। जो बहनें आएंगी, उनके 250 रुपए और बढ़ा देंगे। और जो नहीं आईं… (अधिकारी की तरफ इशारा करते हुए) उनकी जांच कराएं, उदाहरण के लिए कि उनका आधार लिंक है या नहीं।”

मंत्री के इस बयान को कांग्रेस ने लाडली बहनों को धमकाने वाला बताया है।

मीटिंग में ‘मैकेनिक’ कांड: मंत्री और विधायक भड़के

कलेक्टर कार्यालय में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दौरान प्रशासनिक लापरवाही का एक बड़ा नमूना देखने को मिला। बैठक में अक्षय ऊर्जा विभाग (Renewable Energy) का प्रेजेंटेशन होना था, लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी नदारद रहे और अपनी जगह एक ‘मैकेनिक’ (संतोष तंवर) को भेज दिया।

​जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने जब कार्यों की जानकारी मांगी और जवाब देने वाले से पद पूछा, तो उसने खुद को मैकेनिक बताया। यह सुनते ही विधायक पांडेय भड़क गए। मंत्री विजय शाह ने भी इसे घोर अनुशासनहीनता माना। उन्होंने तत्काल एडीएम से जवाब-तलब किया और अपने पीए को निर्देश दिए कि इस लापरवाही के खिलाफ मुख्यमंत्री और चीफ सेक्रेटरी को पत्र लिखा जाए। मंत्री ने मैकेनिक को बैठक से बाहर जाने का आदेश दिया, हालांकि बाद में उससे हाथ मिलाकर विदा किया।

जीतू पटवारी का तीखा हमला: “इस्तीफा लें”

मंत्री का वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ‘X’ पर तीखा हमला बोला है। पटवारी ने लिखा, “जिन लाड़ली बहनों का सम्मान होना चाहिए, उन्हें भाजपा के मंत्री अपमानित कर रहे हैं। पहले कर्नल सोफिया कुरैशी पर ओछी टिप्पणी और अब बहनों को धमकी, यह भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता है।”

पटवारी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए मंत्री विजय शाह के तत्काल इस्तीफे की मांग की है।

और अधिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए www.newsveer.in

By virendra singh Rathore

वीरेन्द्र सिंह राठौर Founder & Editor – Newsveer.in वीरेन्द्र सिंह राठौर पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय एक जुझारू और ग्राउंड-केंद्रित पत्रकार हैं। दिल्ली की राष्ट्रीय मीडिया से लेकर झाबुआ के जमीनी इलाकों तक, उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया है। गहन ग्राउंड रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों को उठाने की हिम्मत और सवाल पूछती पत्रकारिता उनकी पहचान है। राठौर डिजिटल मीडिया के नए दौर में सटीक, निर्भीक और तथ्य-आधारित पत्रकारिता के पैरोकार हैं। उन्होंने Newsveer.in की स्थापना इसी उद्देश्य से की कि आम लोगों के मुद्दे, स्थानीय आवाज़ें और सच्ची रिपोर्टिंग को एक मजबूत मंच मिले। अनुभव के साथ-साथ वे न्यूज़रूम मैनेजमेंट, इन्वेस्टिगेटिव स्टोरीज़, लोकल-टू-नेशनल कनेक्ट और डिजिटल जर्नलिज़्म की नई तकनीकों में दक्ष हैं। उनका मानना है— “पत्रकारिता केवल खबर लिखने का काम नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी है।”

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *