करवड़ (झाबुआ)। जिले के आदिवासी अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और जरूरतमंदों तक उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा पहुँचाने के उद्देश्य से वनवासी कल्याण परिषद, विशाल ‘निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर’ का आयोजन 10 जनवरी को कर रहा है।
यह शिविर करवड़ स्थित शासकीय अस्पताल (Govt. Hospital, Karwad) में आयोजित होगा। इस महा-शिविर की सबसे खास बात यह है कि इसमें उज्जैन मेडिकल कॉलेज और रतलाम के अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ-साथ स्थानीय चिकित्सक भी अपनी सेवाएँ देंगे।
इन गंभीर बीमारियों की होगी निःशुल्क जाँच
आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शिविर में सामान्य रोगों से लेकर गंभीर बीमारियों तक का परीक्षण किया जाएगा। इसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- आँखों की बीमारियाँ (नेत्र रोग)
- हड्डी एवं जोड़ रोग (हाथ-पैर में दर्द, घुटने का दर्द)
- हृदय रोग (Heart), किडनी और लिवर से जुड़ी समस्याएँ
- कैंसर, टीबी (TB), दमा और साँस की बीमारी
- महिलाओं से संबंधित सभी प्रकार के गुप्त एवं जटिल रोग
- मानसिक बीमारियाँ, बवासीर, पेट की गठान
- खांसी, बुखार और सिरदर्द जैसी मौसमी बीमारियाँ
चयनित मरीजों का होगा मुफ्त ऑपरेशन
शिविर केवल जाँच तक सीमित नहीं रहेगा। जाँच के दौरान जिन मरीजों को सर्जरी या ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उन्हें चयनित कर उज्जैन मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया जाएगा। वहाँ मरीजों का आना-जाना, रहना और ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
जरूरी दस्तावेज (Documents Required)
शिविर में लाभ लेने के लिए मरीजों को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज लाना अनिवार्य है:
- आधार कार्ड (Aadhar Card)
- आयुष्मान कार्ड (Ayushman Card)
यह रहेगी आयोजन समिति
इस विशाल सेवा कार्य को सफल बनाने में वनवासी कल्याण परिषद की पूरी टीम जुटी हुई है। सहयोगी दल में मुन्नालाल निनामा (जिला अध्यक्ष), छगनलाल गामड़ (जनजातीय सुरक्षा मंच, जिला सहसंयोजक), गणपत सिंह मुनिया (जिला संगठन मंत्री), लाल चंद्र जी गामड़ (विस्तारक), तेजमल सोलंकी (जनजाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष) एवं समस्त टीम के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
